कानपुर। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवाचार और डिजिटल भविष्य पर केंद्रित इंडिया एआई इंपैक्ट समिट का आयोजन 16 से 20 फरवरी तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में होगा। इसमें वैश्विक तकनीकी विशेषज्ञ व उद्योग जगत की हस्तियां शामिल होंगी। पॉलिटेक्निक विद्यार्थियों को भी प्रतिभाग का अवसर दिया गया है।
इसके लिए प्राविधिक शिक्षा विभाग ने संस्थानों में स्क्रीनिंग कराई जिसमें प्रदेश से कुल 100 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। राजकीय पॉलिटेक्निक कानपुर से पीजी डिप्लोमा डाटा साइंस एंड मशीन लर्निंग प्रथम वर्ष के छात्र प्रशांत पांडेय व दिव्यांश दिवाकर एवं पीजीडीसीए द्वितीय वर्ष के सुधीर सिंह का चयन हुआ है।
समिट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नई तकनीक, डिजिटल विकास, कौशल विकास, एआई सुरक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, टिकाऊ कंप्यूटिंग, सबकी पहुंच और आर्थिक प्रगति जैसे सात प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी।
अन्य जनपदों से अखंड प्रताप सिंह (मान्यवर कांशीराम राजकीय पॉलिटेक्निक तिर्वा, कन्नौज), अतुल कुमार (राजकीय पॉलिटेक्निक बीघापुर, उन्नाव), हिमांशु यादव (डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय पॉलिटेक्निक हैदरपुर, औरैया), ओम सिंह (राजकीय पॉलिटेक्निक हमीरपुर) और काजल (राजकीय पॉलिटेक्निक महोबा) चयनित हुए। प्रधानाचार्य मुकेश आनंद ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी। निदेशक आईआरडीटी एफआर खान ने कहा कि यह छात्रों के लिए वैश्विक स्तर पर एआई तकनीक समझने और कौशल बढ़ाने का बेहतर अवसर है।