यूपी टीम के लिए चयनित खिलाड़ी हिमांशु,अनुराग व पंकज सैनी।
- फोटो : यूपी टीम के लिए चयनित खिलाड़ी हिमांशु,अनुराग व पंकज सैनी।
सैफई। बिहार के राजगीर में चार मई से शुरू हुए सातवें खेलो इंडिया यूथ नेशनल गेम्स में उत्तर प्रदेश की अंडर-19 हॉकी टीम के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई के तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इन खिलाड़ियों में हिमांशु यादव, अनुराग चौहान और पंकज सैनी शामिल हैं। खिलाड़ियों के चयन पर प्रधानाचार्य सर्वेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हमारे तीन छात्र राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
यह कॉलेज की मेहनत और खिलाड़ियों की लगन का परिणाम है। ओलंपियन एवं अर्जुन अवार्ड से सम्मानित हॉकी प्रशिक्षक एमपी सिंह ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को कॉलेज में उनके आयु वर्ग के अनुसार प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जो उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।
वहीं, हॉकी प्रशिक्षक डॉ. मोहम्मद जियाउर्रहमान ने कहा कि वर्तमान हॉकी अंतरराष्ट्रीय पैटर्न पर आधारित हो चुकी है, जिसमें फिटनेस, स्किल डेवलपमेंट, टेक्निक और टैक्टिक्स पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तर प्रदेश की टीम इस बार पदक जीतकर लौटेगी। हॉकी प्रशिक्षक रणधीर सिंह ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।