यूपी में हमीरपुर जिले के बसेला गांव में हाईटेंशन लाइन टूट कर गिरने से खेत में करंट फैल गया। चपेट में आकर बुजुर्ग और उनकी पुत्र वधू की जान चली गई, जबकि एक अन्य महिला की भी करंट से मौत हो गई। तीन मौतों से बिजली महकमे के प्रति लोगों में गुस्सा भड़क गया। गुस्साई भीड़ ने राठ-झांसी मार्ग पर तीन घंटे जाम लगाए रखा।
अनहोनी की जद में आया पहाड़ीगढ़ी निवासी लाल मोहम्मद (65) का परिवार। आजकल वह गांव के हरी सिंह का खेत बटाई पर लेकर मूंगफली की उपज तैयार करने में लगे थे। सोमवार सुबह वह बेटे चांद मोहम्मद की पत्नी जमीना (30) को साथ लेकर खेत पर जा रहे थे। फसल को जानवरों से बचाने के लिए खेत के चारों ओर तारकशी (तारबाड़ी) की गई थी। खेतों से गुजरती एचटी लाइन टूटकर खेत की हिफाजत को बांधे गए तारों पर गिरी और बरसात से बढ़ी नमी से जमीन तक करंट फैल गया।