मेडिकल कालेज में रोते बिलखते मृतक सुभाष के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
नौटंकी में कलाकारों के ठुमके देखकर मस्त हो रहे ग्रामाणों को क्या पता था कि अगले ही पल मौत का साया उनकी सांसे चुरा लेगा। कन्नौज में निकाय चुनाव प्रत्याशी की ओर से कराई जा रही नौटंकी गांव के लिए मातम का कारण बन जाएगी शायद ये किसी को नहीं पता था। जानिए कैसे ये नौटंकी तीन परिवारों के लिए 'मौत की कहानी' बन गई।
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में तीन युवकों की मस्ती परिवारों को जिंदगी भर का दर्द दे गई। युवक सड़क किनारे बाइक खड़ी कर नौटंकी देख रहे थे। इस दौरान एक डंपर काल बनकर तीनों को रौंदता हुआ निकल गया। तीनों की मौत हो गई। चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोशित लोगों ने तिर्वा-बेला मार्ग पर शवों को रखकर जाम लगा दिया। एसडीएम शालिनी प्रभाकर व क्षेत्राधिकारी (सिटी) लक्ष्मीकांत गौतम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर डंपर बरामद कर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। करीब दो घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। दर्दनाक हादसा कस्बे के लोहियानगर में बाबा सिद्धनाथ मंदिर के सामने शनिवार की मध्य रात्रि हुआ।
एक सभासद प्रत्याशी ने नौटंकी का आयोजन किया था
रोते बिलखते मृतक अबधेश के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
निकाय चुनाव में मतदाताओं को अपने पाले में लाने के लिए प्रत्याशी तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि लोहिया नगर वार्ड के एक सभासद प्रत्याशी ने नौटंकी का आयोजन किया था। नौटंकी देखने के लिए तिर्वा कस्बे से करीब दो किलोमीटर दूर घासीपुरवा गांव के सुभाष चंद्र (35) पुत्र रामादीन यादव अपने साथी गांव के ही विष्णु पाल (38) पुत्र राज बहादुर यादव व अवधेश (35) पुत्र हरदयाल यादव के साथ एक ही बाइक से नौटंकी देखने गए थे। रात करीब 11:45 बजे कन्नौज की ओर से आ रहे डंपर ने सड़क किनारे खड़े तीनों युवकों को रौंद दिया।
परिवारीजनों को किसान बीमा योजना के तहत आर्थिक सहायता दी जाएगी
तिर्वा कोतवाली में खड़ा हादसे का जिम्मेदार डंफर
- फोटो : अमर उजाला
सुभाष चंद्र व अवधेश की मौके पर ही मौत हो गई। विष्णु पाल को मेडिकल कालेज से कानपुर रेफर कर दिया गया। कानपुर ले जाते समय मंधना कस्बे के पास उसने दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीएम, सीओ, कोतवाल, तहसीलदार मौके पर पहुंच गए। तिर्वा कोतवाली में मृतक अवधेश के भाई सुरेश चंद्र ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। एसडीएम ने बताया कि दुर्घटना में मृतकों के परिवारीजनों को किसान बीमा योजना के तहत आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं जिलाधिकारी जगदीश प्रसाद ने घटना को बेहद दुखद बताया।
सभासद प्रत्याशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी
तिर्वा के लोहिया नगर में रोड के किनारे लगा नौटंकी का टेंट
- फोटो : अमर उजाला
उधर, एसडीएम ने तिर्वा कोतवाल अमर पाल सिंह को हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। कोतवाल ने बताया कि नौटंकी आयोजन के लिए कोतवाली में आवेदन आया था। अनुमति मिली या नहीं, इसकी जांच के लिए रिकार्ड खंगाले जा रहे हैं। अनुमति न दिखा पाने पर सभासद प्रत्याशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।