यूपी के फतेहपुर जिले के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के खजुरियापुर के पास बुधवार को तेज रफ्तार बोलेरो ने एक बाइक सवार और तीन महिलाओं को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार व्यक्ति और दो महिलाओं की मौत हो गई। चालक बोलेरो छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिए।
थाना क्षेत्र के अलीपुर से चक्की चौराहे की ओर तेज रफ्तार से बोलेरो जा रही थी। उसकी चपेट में थाना क्षेत्र के धरमंगलपुर गांव निवासी जमुना प्रसाद यादव (43) आए। वे धान का बीज लेने अलीपुर बाजार जा रहे थे। उन्हें घायल करने के बाद बोलेरो ने पैदल कस्बा जा रही रहीमपुर निवासी वीरेंद्र पासवान की पत्नी मालती देवी (43), राजकुमार पासवान की पत्नी अनीता देवी (40) और नरेश की पत्नी फूलमती (40) को कुचल दिया। हादसा देख लोगों की भीड़ लग गई।
बाइक सवार जमुना प्रसाद, मालती देवी और अनीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। चालक बोलेरो छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल फूलमती को हथगाम सीएचसी में भर्ती कराया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रही है। थानेदार एके मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।