कानपुर। चकेरी थानाक्षेत्र के सनिगवां में दो दुकानों के ताले ताेड़कर चोरी करने वाले तीन नाबालिगों को पुलिस ने शुक्रवार को धर दबोचा। चोरी की घटनाओं का खुलासा होने पर उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष महेश वर्मा, महामंत्री रजत पांडे, सत्येंद्र सिंह, श्याम सुंदर ने एसीपी अभिषेक पांडेय को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
केआरपुरम सनिगवां रोड निवासी शिवम गुप्ता की अन्ना चौराहे पर बाबा सिद्धनाथ स्वीट हाउस नाम से दुकान है। छह सितंबर की रात चोर ताला तोड़कर 30 हजार रुपये और एक सोने की चेन चोरी कर ले गए थे। इसी तरह, बर्रा निवासी श्याम बिहारी शर्मा की विमानपुरी में वर्तिका इलेक्ट्रिकल्स एंड किचन सेंटर से भी चोर 1,500 रुपये, दो पंखे और दो छोटे सिलिंडर चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से तीन नाबालिगों को गोल चौराहे के पास से शुक्रवार को पकड़ लिया। इनके पास से लोहे की रॉड और 1,060 रुपये बरामद हुए हैं। इनके खिलाफ चकेरी, किदवईनगर और हनुमंत विहार थाने में भी मामले दर्ज हैं। थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि तीनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। जिलाध्यक्ष महेश शर्मा ने बताया कि नाबालिग कबाड़ बीनने, भीख मांगने के बहाने दिन में रेकी करने के बाद रात को वारदात को अंजाम देते थे।