कन्नौज जिले के छिबरामऊ में पुलिस ने तीन हजार एक्टिवेट सिम, सैकड़ों आधार कार्ड व 15 मोबाइल फोन के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की सर्विलांस सेल व स्वॉट टीम जांच में जुटी है। पुलिस के मुताबिक सिटी इंचार्ज हरिओम गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर की इंद्रा आवास कॉलोनी में छापा मारा।
जहां से तीन युवकों को दबोच लिया। युवकों के पास से गलत ढंग से एक्टिवेट लगभग तीन हजार सिम, सैकड़ों आधार कार्ड, 15 मोबाइल (11 एंड्रॉएड) स्वाइप मशीन सहित काफी तादाद में सामान बरामद किया। पुलिस आरोपी युवकों को पकड़कर कोतवाली ले आई।
कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा के मुताबिक स्वॉट सर्विलांस सेल और पुलिस पकड़े गए युवकों से पूछताछ कर रही है। युवकों से बरामद मोबाइल, सिम व आधार कार्ड की जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।