बांदा जिले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उन पर गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई की है। तीनों पर अवैध खनन और परिवहन के कई केस बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी फरार है। वह हिस्ट्रीशीटर भी है।
इन सभी की अवैध ढंग से अर्जित की गई संपत्ति को जब्त करने की भी कार्रवाई की जा रही है। मटौंध थाना पुलिस ने इंसपेक्टर रामेंद्र तिवारी के नेतृत्व में भूरागढ़ चौकी के पास सोमवार को इद्दू खां पुत्र हुसैन खां (बोधी पुरवा, मटौंध), सुल्तान पुत्र रहमान (कनवारा, कोतवाली नगर) और आनंदी केवट पुत्र झुरिया (दौलतपुर, मटौंध) को गिरफ्तार किया।
अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र प्रताप चौहान ने बताया कि इन सभी के विरुद्ध शहर कोतवाली और मटौंध थाने में अवैध बालू खनन और परिवहन आदि के कई मुकदमें दर्ज हैं। इस गिरोह का लीडर राशिद खां पुत्र इद्दू (भूरागढ़, मटौंध) है।
यह हिस्ट्रीशीटर है और खनन माफिया है। उसका साथी दीन मोहम्मद पुत्र अली मोहम्मद (अंदौरा, कमासिन) जेल में है। पुलिस के मुताबिक इसी गिरोह ने खनिज अधिकारी के वाहन को टक्कर मारकर उन्हें जान से मारने का प्रयास किया था।
गिरफ्तारी टीम में मटौंध थाना इंसपेक्टर सहित बांदा कोतवाली प्रभारी जयश्याम शुक्ला और मटौंध थाना कांस्टेबल विजय चौहान व अरविंद कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इद्दू खां पर 6, आनंदी केवट पर 15, दीन मोहम्मद पर 3 और सुल्तान पर 2 अपराधिक केस दर्ज हैं।