मौके पर जांच करने पहुंची पुलिस
- फोटो : amar ujala
हमीरपुर के कुरारा थानाक्षेत्र के पतारा गांव में शनिवार रात जानवरों के बाड़े में सो रहे युवक की अज्ञात लोगों ने गला घोंटकर हत्या कर दी। रविवार सुबह करीब 9 बजे तक युवक के घर में न पहुंचने पर परिजनों ने देखा तो गले में अगौछे लिपटा मिला। मौके पर एएसपी एसके सिंह व सीओ अनुराग सिंह फोरेंसिक टीम व डाग स्क्वायड को लेकर जांच पड़ताल में जुटे हैं। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
पतारा निवासी अनुराग कुमार (27) पुत्र राकेश की मानसिक स्थित खराब रहने से उसका इलाज आगरा में चल रहा था। अभी दो माह पूर्व ही वह आगरा से दवाएं लेकर आया था। परिजनों ने बताया कि वह बीएससी था। गांव में रिहायशी घर से दूर जानवरों वाले बाड़े में बने कमरे में रात में सोता था। शनिवार की रात भी रोज की तरह सोने गया था। तभी रात में अज्ञात लोगों ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। सुबह 9 बजे तक घर न पहुंचने पर उसका भाई आदित्य पहुंचा तो वह जमीन पर मृत पड़ा था। उसके गले में अगौछा लिपटा था।
उसने बताया कि भाई की गला दबाकर किसी ने हत्या कर दी है। कहा कि उनकी किसी से कोई बुराई नहीं है। बताया कि उनके बाबा के पास 12 बीघे जमीन है। वह लोग मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। सूचना पर थाना पुलिस के साथ अपर एसपी एसके सिंह व सीओ अनुराग सिंह फारेंसिक टीम व डाग स्क्वायड को लेकर पहुंचे हैं। जांच पड़ताल के बीच तीन संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।