कानपुर। मैसाचुसेट्स प्रौद्योगिकी संस्थान (एमआईटी) कैम्ब्रिज की ओर से जारी टॉप-100 लोगों की लिस्ट में आईआईटी कानपुर के भी तीन पूर्व छात्र शामिल हैं। इसमें पूर्व छात्र रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, संजीव पुरी और सौरभ तिवारी का नाम शामिल है, जिन्होंने देश के डिजिटलाइजेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
संस्थान के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल और डीन रिसोर्सेस एंड एलुमनी प्रो. अमेय करकरे ने तीनों पूर्व छात्रों को बधाई दी है। प्रो. अमेय करकरे ने बताया कि टॉप-100 की सूची में शामिल संजीव पुरी ने वर्ष 1985 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में आईआईटी कानपुर से बीटेक किया है।
वह वर्तमान में आईटीसी लिमिटेड में चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आईआईटी से 1994 में इंडस्ट्रियल एंड मैनेजमेंट इंजीनियरिंग में परास्नातक किया है। वह 1994 बैच के आईएएस अधिकारी रहे हैं।
सौरभ तिवारी ने 2000 में आईआईटी से मेटालर्जिकल एंड मटेरियल्स इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री ली है। वह वर्तमान में पॉलिसी बाजार डॉट कॉम में सीटीओ के पद पर कार्यरत हैं।