कानपुर देहात। मंगलपुर थाना क्षेत्र के बहेरा गांव में 25 सितंबर की रात तीन भैंसें चोरी हुई थीं। पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। आरोपियों से भैंस बिक्री के 105000 रुपये, एक तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए हैं।
मंगलपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि 27 सितंबर को बहेरा निवासी भूपेंद्र सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें भंदेमऊ निवासी बसीम, सिकंदरा निवासी बसीम अकरम उर्फ गांठी और खजुरी डेरापुर निवासी खिल्लन के नाम थे। जांच के दौरान औरैया के खानपुर निवासी गुड्डू उर्फ गुड्डन, शास्त्रीनगर दिबियापुर निवासी गुड्डन उर्फ इकरार और खानपुर निवासी काला बच्चा उर्फ नौशाद का नाम भी प्रकाश में आया। शुक्रवार को उप निरीक्षक मिलन सिरोही के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने भंदेमऊ तिराहा के पास से गुड्डू, गुड्डन उर्फ इकरार और बसीम को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से एक तमंचा, दो कारतूस और चोरी की भैंस बिक्री के 105000 रुपये बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 25 सितंबर की रात अपने साथी काला बच्चा के साथ मिलकर भैंसें चोरी की थीं। उन्होंने इन भैंसों को एक पिकअप गाड़ी में लादकर दलाल को बेच दिया था। बिक्री से मिले रुपये चारों ने बराबर बांट लिए थे। काला बच्चा अपने हिस्से के रुपये लेकर चला गया था। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।