सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो वायरल करने की दी धमकी
कानपुर के बर्रा में छात्रा ने मौसेरी बहन समेत पांच लोगों पर नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर अश्लील फोटो खींचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से फतेहपुर निवासी छात्रा बर्रा में रहकर एक निजी कॉलेज से बीटीसी कर रही है।
छात्रा ने बताया कि उसकी मौसेरी बहन ने बुधवार को घूमने चलने की बात कहकर बर्रा बाईपास बुलाया, जहां कार में उसके साथ सौरभ सोनकर, अरुण दिवाकर, दीपक और एक युवती थी। कार में बैठने के बाद उसे कोल्डड्रिंक पीने को दी गई, जिसे पीते ही वह बेसुध हो गई।
आरोप है कि इसी दौरान पांचों ने मोबाइल से उसकी अश्लील फोटो खींच ली। होश आने पर कपड़े अस्त-व्यस्त होने से उसे आशंका हुई। विरोध किया तो आरोपियों ने फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। थाना प्रभारी सतीश कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।