रसूलाबाद। थाना क्षेत्र के कसमड़ा में रविवार रात को चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर नकदी, जेवर व अन्य सामान चोरी कर लिए। सुबह सोकर जागे गृहस्वामियों को घरों में सामान बिखरा मिलने पर घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर छानबीन कर पीड़ितों से पूछताछ की है।
कसमड़ा निवासी कुलदीप यादव ने बताया कि रविवार रात को खाना खाने के बाद वह परिजन के साथ छत पर सो रहे थे। देर रात को पास में बने पंचायत घर की छत से चोर उनकी छत पर आ गए। सीढ़ियों के रास्ते नीचे उतरे चोरों ने उनके व भाई मोहर सिंह के कमरे से करीब छह लाख रुपये के जेवर व 15 हजार रुपये चोरी कर लिए।
कुलदीप के घर से कुछ दूरी पर रहने वाले राजेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार रात को वह परिजन के साथ घर के बाहर सो रहे थे। देर रात को घर के पिछले हिस्से से चोर छत पर चढ़ आए। चोरों ने कमरे में रखे 20 हजार रुपये, व 50 हजार के जेवर चोरी कर लिए। वहीं गांव के विमल ने बताया कि नवंबर माह में उनकी शादी होनी है। इसके लिए उन्होंने दो लाख रुपये के जेवर बनवाए थे। रविवार रात को घर में घुसे चोर बक्से का ताला तोड़कर जेवर, 20 हजार रुपये, बर्तन व कपड़े चोरी कर ले गए।
सूचना पर बिरहुन चौकी प्रभारी जयप्रकाश ने घटना स्थल पर छानबीन की है। रसूलाबाद थानाध्यक्ष सतीश सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर छानबीन करने गई थी। अभी पीड़ितों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।