रूरा। थानाक्षेत्र के गेंदामऊ के पास लगे मोबाइल टॉवर परिसर से चोर रविवार देर रात 140 बैटरी चोरी कर भाग निकले। कंट्रोल रूम में अलार्म बजने के बाद कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी।
जालौन के चुर्खी थाना क्षेत्र के बहदौरी निवासी स्वर्ण सिंह ने सोमवार सुबह पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह मोबाइल टॉवर का संचालन करने वाली ओएससी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में काम करते हैं। रविवार शाम वह गेंदामऊ स्थित मोबाइल टॉवर के परिसर में ताला लगाकर रूरा स्थित किराये के मकान में सोने के लिए आ गए थे। रात दो बजे के करीब कंपनी के कंट्रोल रूम में नेटवर्क केबल में छेड़छाड़ होने पर अलार्म बजा। कंपनी से सूचना पर वह 2:30 बजे के करीब मोबाइल टॉवर परिसर में पहुंच गए। वहां पहुंचने पर देखा तो परिसर में लगी बैटरी बैंक गायब थी। उसमें करीब 140 बैटरियां लगी हुईं थीं।
थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि घटना संदिग्ध है। पुलिस मौके पर भेज कर जांच करवाई गई है। मोबाइल टॉवर सुनसान स्थान पर बना हुआ है। कंपनी की ओर से सुरक्षा के लिए न तो किसी गार्ड की तैनाती की गई है और न ही परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। वहीं कर्मचारी के अनुसार चोरी आधा घंटे के अंदर की गई है। ऐसे में 140 बैटरी को खोलकर ले जाने की बात हजम नहीं हो रही है। मामले की कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।