कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में किदवईनगर के ब्लॉक स्थित रेस्टोरेंट में तोड़-फोड़ कर चोरों ने करीब पांच लाख का सामान चोरी कर लिया। शनिवार को संचालक रेस्टोरेंट में रखा डीप फ्रीजर बंद करने पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई।
पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासान दिया है। किदवईनगर साइट नंबर वन निवासी प्रभात भट्ट का द किचन नाम से रेस्टोरेंट है। उन्होंने पुलिस को बताया कि लॉकडाउन की वजह से रेस्टोरेंट बंद है। एक दो दिन में डीप फ्रीजर बंद करने के लिए आते थे।
शनिवार को रेस्टोरेंट का ताला खोल कर अंदर गए तो सामान बिखरा मिला। चोरों ने रेस्टोरेंट के अंदर काफी तोड़फोड़ करने के साथ ही चार एसी, इनवर्टर, दो बैटरे, डीजे साउंड व एंप्लीफायर सहित पांच लाख का माल पार कर दिया। चोर पड़ोस के खाली पड़े प्लाट से छत के रास्ते सीलिंग तोड़ कर रेस्टोरेंट के अंदर पहुंचे थे।
रेस्टोरेंट मालिक के अनुसार भारी सामान ले जाने के लिए चोरों ने लोडर या ई-रिक्शा का इस्तेमाल किया होगा। पुलिस के अनुसार चोरों ने रेस्टोरेंट के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की सप्लाई पहले ही कट कर दी थी। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।