कानपुर। महाराजपुर के नजफगढ़ बिपौसी गांव में परिजनों को कुंडी लगा बंदकर चोर नकदी सहित 22 लाख के जेवर चोरी कर ले गए। उन्होंने पड़ोसी के शौचालय की छत से घर में प्रवेश किया। मंगलवार सुबह चोरी की सूचना पर फाॅरेंसिक व डॉग स्क्वाॅड ने जांच पड़ताल की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जेवर के डिब्बे तालाब के पास मिले।
किसान सुरेंद्र सिंह का बड़ा बेटा अभिषेक सिंह बिजली विभाग में संविदा पर सुपरवाइजर है। उसने बताया कि खाना खाने के बाद पूरा परिवार अपने अपने कमरों में सोने चला गया। छोटा भाई जानू सिंह छत पर बने कमरे और माता-पिता बहन के चार साल के बेटे के साथ अंगन में सोने चले गए। सुबह करीब पांच बजे उसकी नींद खुली तो सामने का दरवाजा खुला था, और भीतर सामान बिखरा पड़ा था। लॉकर व बक्से के ताले टूटे पड़े थे। इस पर परिवार के अन्य सदस्यों को जगाने पहुंचा तो उनके दरवाजों पर कुंडी लगी थी। सूचना पर इंस्पेक्टर संजय कुमार पांडेय ने जांच पड़ताल कर साक्ष्य एकत्रित किए। डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है। लोगों ने आशंका जताई कि चोरी में किसी करीबी का हाथ है। किसान के बताया कि हाल ही में उन्होंने एक एसी लगवाया था। उन्होंने एसी मैकेनिक पर चोरी की आशंका जाहिर की है।
खोजी कुत्ता पड़ोसी राम सिंह के खेतों में घूमते हुए उनके घर के पीछे बने शौचालय तक गया। इसके बाद 200 मीटर दूर स्थित एक तालाब के पास पहुंचा। वहां जेवर के डिब्बे पड़े थे। वहां से खोजी कुत्ता करीब 500 मीटर आगे रामनगर सरसौल रोड पर पहुंचा। वहां वाहन के पहियों के निशान मिले। पुलिस का मानना है कि शातिर सड़क किनारे वाहन खड़ा करने के बाद खेतों के रास्ते राम सिंह के घर पहुंचे। इसके बाद शौचालय की छत से सुरेंद्र की छत पर पहुंच गए। इसके बाद शातिरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।