कानपुर। हावड़ा रूट पर चंदारी और रूमा स्टेशनों के बीच आर्मी साइडिंग ट्रैक की दो दिन पहले रात में चोर ओवर हेड इलेक्ट्रिक लाइन काट ले गए। आरपीएफ ने प्राथमिकी दर्ज कर कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए उठाया है।
श्यामनगर फ्लाईओवर के नीचे स्थित आर्मी साइडिंग ट्रैक की ओएचई की कनेक्टिंग हावड़ा की अप लाइन से थी। इस वजह से तार कटते ही ओवर हेड बिजली सप्लाई बंद हुई तो इस सेक्शन की ट्रेनें पुरुषोत्तम सहित छह ट्रेनें खड़ी हो गईं। मौके पर पहुंचे इलेक्ट्रिक स्टाफ ने आर्मी साइडिंग की ओएचई को रिजर्व करके मेन लाइन की चालू कर दी। रात लगभग 11:15 बजे मेन लाइन पर तो संचालन शुरू हो गया पर आर्मी साइडिंग ट्रैक की लाइन दूसरे दिन सुबह लगभग सात बजे ठीक हो सकी। आरपीएफ ने पड़ताल शुरू कर दी है।
यह है मामला
नौ-10 दिसंबर की रात करीब 10:45 बजे चोर आर्मी साइडिंग ट्रैक के पोल पर चढ़े। कटर से ओएचई काट दी। चिंगारी निकली और ओएचई जमीन पर गिरी। इसके बाद चोर कुछ मीटर तार उठाकर ऑटो से लेकर भाग निकले। इधर मेन लाइन पर ट्रेन संचालन ठप होने पर चंदारी कंट्रोल ने सूचना दी। आरपीएफ और इलेक्ट्रिक स्टाफ मौके पर पहुंचा। हावड़ा रूट की अप लाइन पर संचालन ठप होने से रेलवे बोर्ड तक अफरा-तफरी मच गई। इलेक्ट्रिक अफसरों ने मेन लाइन की बिजली सप्लाई चालू कराई। रात लगभग सवा ग्यारह बजे वहीं के होम सिग्नल पर फंसी खड़ी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस को सेंट्रल की ओर रवाना किया गया। इसके बाद अन्य ट्रेनें चल सकीं।