सेंट्रल बैंक के स्ट्रांग रूम तक पहुंचा चोर, पुलिस कर रही जांच
- फोटो : अमर उजाला
औरैया जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में यमुना रोड पर रोडवेज बस स्टैंड से सौ मीटर दूर स्थित सेंट्रल बैंक आफ इंडिया में मंगलवार की रात मुख्य चैनल को टेढ़ा कर (चाड़कर) चोर अंदर स्ट्रांग रूम तक पहुंच गया। इस बीच उसने स्ट्रांग रूम का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहा।
घटना की जानकारी सुबह सफाई कर्मी के पहुंचने पर हुई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। उधर, बैंक अधिकारी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में मंगलवार की देर रात लगभग 11 बजे एक चोर मुख्य चैनल को चाड़कर अंदर घुस गया।
इस दौरान चोर की सारी हरकतें सीसीटीवी में कैद हो गई हैं। चोर ने सबसे पहले गेट के पास रखी अलमारी खोली। इसके बाद लकड़ी की अलमारी को खोलकर चाबियां खोजी और फाइलें फेंक दी। चोर ने इस बीच कर्मचारियों की मेज की दराज को भी खंगाला, लेकिन कुछ भी नहीं मिला।
इसके बाद स्ट्रांग रूम का ताला खोलने का प्रयास किया। स्ट्रांग रूम के ताले के ऊपर लगे लोहे के छल्ले को पेंचकस से तोड़ दिया। इस संबंध में सहायक शाखा प्रबंधक पंकज कुमार ने बताया कि सुबह 9:15 बजे बैंक कर्मचारी आजाद पहुंचा तो चोरी की जानकारी हुई।