शरीर अचानक से गरम होने लगे, कमजोरी महसूस हो, जी मिचलाए और चक्कर आने लगे तो समझिए कि आप लू की चपेट में आ गए हैं। लू लगने से आपकी जान भी जा सकती है। एेसे में बिना देरी किए तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
वरिष्ठ वैद्य सत्यप्रकाश मिश्र ने बताया कि लू लगने के लक्षण मालूम होते ही ठंडे कमरे या छायादार पेड़ के नीचे लेट जाना चाहिए, सिर को ऊंचा रखकर लेटना चाहिए। सिर, छाती और पेट पर नाभि के पास बर्फ का टुकड़ा या ठंडा पानी रखना चाहिए, ठंडे पानी से तौलिया भिगोकर उससे पूरे शरीर का पोछना चाहिए। कच्चे आम को पीस कर उसका लेप शरीर पर लगाना चाहिए।
कच्चा आम भूनकर उसमें गुड़ या मिस्री मिलाकर थोड़ी, थोड़ी देर में पीना चाहिए। इसी तरह घृत कुमारी को पीसकर रोगी के सिर और पैर के तलुओं में लगाना चाहिए। घृत कुमारी न मिले तो कच्ची लौकी को पीसकर लगाना चाहिए।