फतेहपुर के बिंदकी थाना क्षेत्र में भूसी लादकर मध्य प्रदेश से कानपुर जा रहे ट्रक में अजगर निकल आने से सनसनी फैल गई। ट्रक रोककर मामले की सूचना वन विभाग के लोगों को दी गई। वन विभाग की टीम ने अजगर को जंगल में छुड़वा दिया है।
मध्यप्रदेश के सतना से भूसी लादकर ट्रक कानपुर जा रहा था। बिंदकी कस्बे के बाईपास से गुजरते समय आसपास के लोगों ने देखा कि ट्रक के नीचे स्टैफनी रखने के स्थान पर एक अजगर सांप बैठा हुआ है। जिस पर लोगों ने इस बात की जानकारी ट्रक चालक सुरेंद्र को दी।
ट्रक को तुरंत बाईपास में रोका गया। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। मामले की जानकारी वन विभाग के लोगों को दी गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने अजगर को पकड़कर जंगल में छुड़वा दिया। जिसके बाद ट्रक कानपुर के लिए रवाना हो गया।