कानपुर। महाराजपुर के भेवली मोड़ के पास सोमवार शाम मामूली विवाद में दो गुट आपस में भिड़ गए। सूचना पर पहुंचे सरसौल चौकी में तैनात प्रशिक्षु दरोगा सुशांत पांडेय ने झगड़ा रोकने का प्रयास किया तो युवकों ने उनसे भी धक्का-मुक्की की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने पर पुलिस ने एक पक्ष के दो युवकों पर शांति भंग की कार्रवाई की।
महाराजपुर के तिवारीपुर गांव निवासी युवक साइकिल से गांव की तरफ जा रहा था। भेवली मोड़ पर खजुरिया गांव के रमन और मोनू तेज रफ्तार से कार चलाते हुए जा रही थी। युवक ने बिना हार्न बजाए बगल से कार निकालने का विरोध किया। इसपर कार सवारों ने उससे मारपीट की।
शोर सुनकर युवक के पक्ष से भी कई लोग वहां पहुंच गए। दोनों में मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंचे प्रशिक्षु दरोगा ने झगड़ा शांत कराने की कोशिश की, तो उनके साथी धक्का-मुक्की की गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मामले में कार सवार रमन और मोनू के खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई की गई है। अगर प्रशिक्षु दरोगा कोई तहरीर देंगे, तो जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।