जांच करते फोरेंसिक टीम के अफसर।
- फोटो : amarujala
कानपुर। कलक्टरगंज स्थित नौघड़ा रामगंज कपड़ा बाजार की तीन दुकानों से चोरों ने करीब चार लाख की नगदी पार कर दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस जांच कर लौटने लगी तो व्यापारियों ने फोरेंसिक और डाग स्क्वायड बुलाने की मांग कर हंगामा शुरू कर दिया। कुछ देर बाद दोनों टीमें मौके पर पहुंची। इस दौरान घटना के विरोध मेें व्यापारियों ने दुकानों के शटर गिरा दिए।
किदवईनगर निवासी अमित गुप्ता की रामगंज स्थित केके गर्ग मार्केट में कपड़े और साड़ियों की थोक की दुकान है। अमित ने बताया कि शनिवार की सुबह पड़ोसी दुकानदार ने फोन पर बताया कि उनकी दुकान का शटर उठा हुआ है। भीतर रखा कैश बॉक्स टूटा पड़ा था। उसमें करीब साढ़े तीन लाख रुपये रखे थे। इसी तरह ठीक सामने स्थित पटकापुर निवासी रज्जन ओमर की वैभव ट्रेडिंग कंपनी के शटर का भी ताला तोड़कर चोरों ने 40 हजार रुपये नगद और चांदी के सिक्के चोरी कर लिए थे। दुकान के ऊपर स्थित शांतीनगर निवासी संजय गुप्ता की दुकान के भी ताले तोड़कर 8 हजार की नगदी पार की गई थी। घटना के विरोध्ा में गुस्साए व्यापारियों ने हंगामा कर बाजार बंद करा दी। शाम को आश्वासन के बाद बाजार खोला। पुलिस का कहना है कि मार्केट के अंदर से ही चोर पकड़ा जाएगा। यहां के एक चौकीदार पर शक है। मौके पर पुलिस को पानी के पाउच मिले हैं। वहीं, दुकानों के कर्मचारियों से पूछताछ चल रही है। कानपुर कपड़ा कमेटी के हीरा लाल, विवेक आदि ने घटना के जल्द खुलासे की मांग की।
बाजार में न कैमरे न कोई गश्त ः व्यापारी नेता काशी प्रसाद, शरद दुबे आदि का कहना है कि करोड़ों का कारोबार करने वाली बाजार में पुलिस प्रशासन की ओर से न कोई कैमरे ही लगाए गए हैं, और न ही रात की कोई गश्त होती है।