सर्राफा दुकान में साक्ष्य संकलित करती फारेंसिक टीम।
- फोटो : AKBARPUR
शिवली। मैथा स्थित सराफा दुकान में गुरुवार रात चोरों ने सेंध लगाकर एक लाख रुपये के आभूषण पार कर दिए। चोरों ने ग्राइंडर से तिजोरी काटने का भी प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस व फारेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। बता दें कि चौथी बार चोरों ने सराफा दुकान पर धावा बोला है।
शिवली क्षेत्र के मैथा कस्बे में गुरुवार रात चोर सराफ रामचंद्र स्वर्णकार की दुकान में छत के एक किनारे से पीछे की दीवार में सेंध लगाकर घुस गए। इसके बाद तिजोरी को ग्राइंडर से काटने का प्रयास किया। दुकान में बाहर रखे एक लाख रुपये के आभूषण उठा ले गए। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी पर सराफ रामचंद्र व उद्योग व्यापार मंडल युवा प्रदेश अध्यक्ष श्याम मोहन दुबे मौके पर पहुंचे। रसूलाबाद सीओ रामशरण सिंह व फारेंसिक टीम पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। सराफा व्यवसायी ने एक लाख रुपये के आभूषण चोरी होने की तहरीर देने की बात कही है।
कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद डाग स्क्वाड मौके पर बुलाया गया। खोजी कुत्ता दुकान से होकर पीछे कुछ देर खेतों तक गया। इसके बाद भटक गया। मैथा चौकी प्रभारी सीताराम निरंजन ने बताया कि सराफ की दुकान में सीसीटीवी नहीं लगा है।
चौथी बार चोरों ने धावा बोला
शिवली। चोर लगातार रामचंद्र स्वर्णकार को निशाना बना रहे हैं। चौथी बार गुरुवार की देर रात चोरों ने सराफा दुकान पर धावा बोला और सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सराफा व्यवसायी ने बताया कि इससे पहले वर्ष 2008, 2018 व दिसंबर 2020 में भी चोरी हो चुकी है। सराफा की दुकान एसबीआई बैंक के ठीक बगल में है। बैंक में भी चोर पूर्व में घटना को अंजाम दे चुके हैं। (संवाद)
व्यापारियों ने की खुलासे की मांग
शिवली। सराफा दुकान मेें चोरी की घटना पर उद्योग व्यापार मंडल के युवा प्रदेश अध्यक्ष श्याम मोहन दुबे ने जल्द खुलासे की मांग की है। वहीं, मैथा व्यापार मंडल के अध्यक्ष दयालु गुप्ता, शिवली व्यापार मंडल के अध्यक्ष रमाकांत अग्निहोत्री ने कहा कि पुलिस गश्त के बावजूद घटनाएं बढ़ रही हैं। इससे व्यापारियों में असंतोष है। (संवाद)