कानपुर। चकेरी थानाक्षेत्र के कोयलानगर में ढाबे पर खाना खाने के दौरान हुए विवाद में आरोपियों ने युवक के सिर पर ईंट मारकर लहूलुहान कर दिया।
नौबस्ता के देवकीनगर निवासी सचिन गौतम के अनुसार आठ जून की रात वह दोस्त विकार यादव के पास कोयलानगर आए थे। बाद में दोनों श्यामनगर स्थित राना ढाबे गए और खाना खाने लगे। इसी दाैरान कार से चार लोग आए। आरोप है कि नशे में एक युवक सचिन के ऊपर गिर गया। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी और सिर पर ईंट मारकर लहूलुहान कर दिया। लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी कार छोड़कर भाग गए। कार लखनऊ में पंजीकृत है। चकेरी इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि कार नंबर के आधार पर शोभित सिंह और साथियों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।