कानपुर। नौबस्ता क्षेत्र में रविवार की शाम तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार इंश्योरेंस कंपनी के पूर्व शाखा प्रबंधक की पत्नी को रौंद दिया, जबकि प्रबंधक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका कांशीराम अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों बाजार से खरीदारी करके स्कूटी से लौट रहे थे। पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। पत्नी उछल कर सड़क पर जा गिरीं। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला।
आवास विकास हंसपुरम निवासी राजेंद्र कुमार नेशनल इंश्योरेंस कंपनी माल रोड शाखा के प्रबंधक पद से तीन साल पहले सेवानिवृत्त हुए हैं। वह यहां पत्नी सुषमा (55) के साथ रह रहे थे। उनका एक बेटा रोहित और उसकी पत्नी बाराबंकी में एसबीआई में क्लर्क हैं। दूसरा बेटा चिंटू पुणे में इंजीनियर है। रविवार देर शाम राजेंद्र कुमार पत्नी सुषमा के साथ खरीदारी करने नौबस्ता गए थे। वहां से लौटते समय हंसपुरम स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट के सामने तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर लगने से पीछे बैठीं सुषमा उछलकर सड़क पर गिर पड़ीं। पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में राजेंद्र कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला। राहगीरों ने पति और पत्नी को कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय भेजा, जहां डॉक्टरों ने सुषमा को मृत घोषित कर दिया। नौबस्ता इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।