कानपुर। वाल्मीकि सुदर्शन समाज महासभा की ओर से रविवार को खलासी लाइन स्थित शास्त्री भवन में प्रदेश स्तरीय वाल्मीकि समाज का महासम्मेलन हुआ। इसमें समाज की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की गई। इसके साथ ही विधानसभा चुनाव में राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की रणनीति बनाई गई। तय हुआ कि 20 सीटें देने वाले दल को समर्थन दिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश एससी-एसटी आयोग के सदस्य रमेश चंद्र कुंडे ने कहा कि आज भी वाल्मीकि समाज के लोग सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक रूप से पिछड़े हुए हैं। राजनीतिक दल चुनाव के समय समाज के लोगों का समर्थन और रैलियों में भीड़ जुटाने के लिए इस्तेमाल करते हैं लेकिन टिकट वितरण में उन्हें पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं देते।
बताया कि महासभा ने निर्णय लिया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, भाजपा, सपा और बसपा में से जो भी पार्टी वाल्मीकि समाज के लोगों को कम से कम 20 टिकट देगी उसे समर्थन दिया जाएगा। इस मौके पर कुमारी रोहिणी पावरी, जिलाध्यक्ष दीपक चौधरी आदि मौजूद रहे।