कानपुर। यूपी टी-20 लीग का चौथा संस्करण नए अंदाज में होगा। प्रतियोगिता की मेजबानी पहली बार लखनऊ और कानपुर मिलकर कर रहे हैं। यह 14 अगस्त से छह सितंबर तक चलेगा। इसमें खिलाड़ियों का मिनी ऑक्शन 24 जुलाई को आगरा में होगा। छह फ्रेंचाइजी टीम के चयन के लिए खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी।
शुरुआती मुकाबले और उद्घाटन समारोह लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होंगे, जबकि लीग के शेष मैच, नॉकआउट मुकाबले और खिताबी भिड़ंत ग्रीनपार्क स्टेडियम में होगी। टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। खिलाड़ियों का मिनी ऑक्शन 24 जुलाई को आगरा के ताज होटल में होगा। प्रदेशभर से चयनित करीब 200 से 250 खिलाड़ी नीलामी प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगे। छह फ्रेंचाइजी कानपुर सुपर स्टार्स, मेरठ मैवरिक्स, नोएडा सुपर किंग्स, गोरखपुर लायंस, काशी रुद्रांश और लखनऊ फाल्कंस अपनी टीमों को मजबूत करने के लिए खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी। ट्रायल और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को इस ऑक्शन में अवसर मिलेगा। यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल मंगलवार को प्रतियोगिता के कार्यक्रम, प्रारूप और अन्य व्यवस्थाओं की औपचारिक घोषणा करेगी। मिनी ऑक्शन के बाद अगस्त के पहले सप्ताह में लीग की ट्रॉफी को प्रदेश के विभिन्न शहरों में ले जाकर ट्रॉफी टूर आयोजित किया जाएगा, जिससे क्रिकेट प्रेमियों के बीच टूर्नामेंट का उत्साह और बढ़े। दो शहरों में प्रतियोगिता कराने के निर्णय से मेजबानी को लेकर चल रही सभी अटकलों पर विराम लग गया है।