कानपुर देहात। सिकंदरा थाना क्षेत्र के एक गार्डन में शादी समारोह के दौरान बर्तन धोने गए बच्चे को गोली लग गई थी। मामले में पुलिस ने रविवार को दूल्हे के चाचा और जीजा को असलहा और कारतूसों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया ।
सिकंदरा कस्बे के बिरहाना स्थित विमला गाॅर्डन में खुर्जा बुलंदशहर निवासी सनी सिंह की बरात आई थी। शुक्रवार देर रात सनी की बरात गार्डन पहुंची। यहां पर शादी की रस्में चल रही थीं, इसी दौरान की गई हर्ष फायरिंग में मानपुर डेरा निवासी भगत सिंह का 14 वर्षीय बेटा आनंद गोली लगने से घायल हो गया था। बताया गया था कि आनंद प्लेट धोने के लिए गया था। समारोह में दुल्हे सनी के चाचा केशव और जीजा भरत ने अपनी लाइसेंसी असलहा से एक के बाद एक कई राउंड हर्ष फायरिंग की। हर्ष फायरिंग में गोली आनंद को पेट के दाहिने तरफ लगकर कमर से पार हो गई। मामले में पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया था। एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि खुर्जा बाढ़ा बुलंदशहर निवासी केशव सिंह और खर्जा नवलपुरा- 4 निवासी भरत सिंह को जेल भेजा गया है। दोनों के पास से लाइसेंसी असलहा और कारतूस को कब्जे में लिया गया है।