केपीएल के नियम बताते अधिकारी।
- फोटो : केसीए
कानपुर। कानपुर प्रीमियर लीग (केपीएल) में भी सुपर ओवर और इम्पैक्ट प्लेयर का भी रोमांच दिखेगा। इसमें डीआरएस का भी नियम लागू किया जाएगा। दो मार्च से ग्रीनपार्क में शुरु होने वाली लीग के लिए बुधवार को सभी प्रकार के नियमों की जानकारी खिलाड़ियों, अधिकारी को दी गई। लीग में पहला मैच दोपहर तीन बजे से शुरू होगा और दूसरा मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। वहीं, डीडी स्पोर्ट्स की टीम ने लाइव प्रसारण के लिए ग्रीनपार्क में काम शुरु कर दिया है।
केसीए चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि आईपीएल के जैसे ही केपीएल को दर्शकों तक पहुंचने के लिए कई नियम लागू किए जा रहे हैं। इसके लिए केपीएल की टेक्निकल कमेटी ने सभी छह टीमों के कप्तान व कोच को सभी नियमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो मार्च को सिर्फ उद्घाटन मैच होगा, फिर 10 मार्च तक हर दिन दो-दो मैच खेले जाएंगे। वहीं, 11 मार्च को फाइनल मैच खेला जाएगा। पहले मैच का टॉस दोपहर 2:30 बजे होगा, वहीं, मैच तीन बजे से शुरू होगा।
दूसरे मैच का टॉस शाम सात बजे और मैच साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। केपीएल टेक्निकल कमेटी में शामिल बीसीसीआई अंपायर अनुराग राठौर और स्कोरर एपी सिंह ने बुधवार को ग्रीनपार्क के मीडिया सेंटर में सभी अंपायर व स्कोरर को भी नियमों की जानकारी दी। केपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर को शामिल करने से टूर्नामेंट का रोमांच अपने चरम पर रहेगा। हर टीम मैच में एक अतिरिक्त खिलाड़ी का किस तरह इस्तेमाल करेगी यह देखने लायक होगा।
वहीं, केपीएल में सुपर ओवर का नियम भी अंक तालिका में बड़ा उलटफेर करता नजर आएगा। लीग मैचों में दो सुपर ओवर तक फेंके जा सकेंगे, तो नॉकआउट स्टेज में यह रिजल्ट निकलने तक जारी रहेंगे। एक पारी के लिए समय सीमा 1:30 घंटे रखी गयी है, यदि कोई टीम इसमें अपने ओवर पूरे नहीं करती है, तो उस पर पेनाल्टी लगेगी। इसके तहत उसको सात खिलाड़ी 25 यार्ड के अंदर रखने होंगे। जबकि पावरप्ले, रेफरल के अलावा फोर्थ अंपायर भी केपीएल में नजर आएंगे।