संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को महेवा क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। अहेरीपुर कस्बे में संचालित क्लीनिक पर छापा मारते ही झोलाछाप भाग गया। टीम ने मौके पर दुकान को सील कर दिया।
अहेरीपुर में सोमवार दोपहर डिप्टी सीएमओ डॉ. यतेंद्र राजपूत टीम के साथ पहुंचे। यहां एक झोलाछाप की दुकान पर छापेमारी के दौरान टीम को देखकर झोलाछाप सारा सामान छोड़कर फरार हो गया। टीम को मौके पर एक टेबिल कुछ कुर्सियां पड़ी मिलीं। यह कुछ डिब्बों में नीला, लाल गोलियां और इंजेक्शन रखे मिले। टीम ने सभी चीजें कब्जे में लेकर दुकान को सील कर दिया।
डॉ. यतेंद्र ने बताया कि छापेमारी अभियान लगातार चलाया जा रहा है। लोगों से अपील है कि वह झोलाछापों से इलाज न लें। कोई जरूरत होने पर पास स्थित सरकारी अस्पताल या डिग्री धारक डॉक्टर से ही उपचार लें। टीम में भानु प्रताप सिंह ,प्रवीण सिंह, हिमांशु, सुखवीर सिंह और अहेरीपुर चौकी से कपिल चौधरी आदि मौजूद रहे।