कानपुर देहात। कक्षा आठ की छात्रा के साथ छेड़छाड़ व धर्म परिर्वतन का दबाव बनाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए स्कूल बस चालक व उसके साथी को शनिवार को कोर्ट से जेल भेज दिया गया। वहीं पीड़िता के पिता ने आरोपी राज पर बेटी की इंस्टाग्राम आईडी से आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोप लगाया है।
सीओ राजीव सिरोही ने बताया कि शुक्रवार रात को मूसानगर थानाध्यक्ष अमिता वर्मा ने टीम के साथ हलिया मोड़ के पास घेराबंदी कर फत्तेपुर मूसानगर निवासी मुख्तार कुरैशी व गौसगंज मूसानगर निवासी राज राईन को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने बताया कि मुख्तार छात्रा की स्कूल बस का चालक था। स्कूल लाने व ले जाने के दौरान उसने छात्रा को प्रेरित कर राज राईन से दोस्ती करवाई थी। इसके बाद से वह दोनों व मोनिस छात्रा को डरा धमकाकर, प्रलोभन प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करते थे। दोनों ने छात्रा के साथ सामूहिक छेड़छाड़ करने की बात स्वीकार की है।
वहीं, छात्रा के पिता ने बताया कि करीब छह माह से राज राईन बेटी की स्कूल बस का पीछा करता था। अपने साथी की मदद से वह बेटी के स्कूल में रहने के दौरान उसकी गतिविधियों को राज को बताता था। राज ने करीब तीन माह पहले बेटी को बहला फुसलाकर उसकी इंस्टाग्राम आईडी की जानकारी ले ली थी। इसके बाद उसकी आईडी में दर्ज मोबाइल नंबर व ई-मेल आईडी को बदल लिया था।
इसके बाद से वह बेटी पर दबाव बनाने के लिए आईडी से आपत्तिजनक पोस्ट करता था। सीओ भोगनीपुर ने बताया कि शनिवार को आरोपी मुख्तार व राज राईन को कोर्ट से जेल भेजा गया है। जबकि फरार आरोपी मोनिस की तलाश में दो टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा। छात्रा की इंस्टाग्राम आईडी से आरोपियों ने छेड़छाड़ की है या नहीं यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।