राजपुर। उपकेंद्र के एसएसओ ने शुक्रवार को बिना शट डाउन वापस किए ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। गनीमत रही कि हादसा बच गया। लाइन पर काम कर रहे संविदा कर्मियों ने जेई को अवगत कराकर लापरवाह एसएसओ पर कार्रवाई की मांग की है।
राजपुर उपकेंद्र में तैनात संविदा लाइनमैन शिवम कटियार ने बताया कि शुक्रवार को सुबह 11 बजे गौरीकरन ग्रामीण व गौरीकरन निजी नलकूप फीडर का शट-डाउन लिया था। सहकर्मी नीरज बाबू व सर्वेश कुमार को लेकर लाइन दुरुस्त करवाने के दौरान बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। जबकि उसने शट डाउन वापस नहीं किया था। गनीमत रही कि हादसा बच गया। बताया कि एक सप्ताह पूर्व कथरी फीडर की लाइन ठीक करते समय इसी तरह एसएसओ ने बिजली आपूर्ति चालू कर दी थी। तब भी दुर्घटना बच गई थी। जेई कपिल देव को लिखित सूचना दी है।
संविदा लाइनमैन नीरज बाबू, जयदीप, आशीष सिंह, शिवम अग्निहोत्री, शिवम कटियार, संजय, गोविंद, सर्वेश कुमार आदि ने कहा कि लापरवाह एसएसओ पर कार्रवाई की जाए। अन्यथा सभी कार्य बहिष्कार करेंगे। जेई कपिल देव वर्मा ने बताया कि एसएसओ सत्यजीत सिंह पर संविदा लाइनमैनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है। एसएसओ को पूर्व में भी समझाया जा चुका है लेकिन वह नियम से काम नहीं कर रहे हैं। लापरवाह एसएसओ को हटाने के लिए शनिवार को एसडीओ को रिपोर्ट दी जाएगी। एसडीओ सिकंदरा अनिल कुमार ने बताया कि जेई की रिपोर्ट के अनुसार एसएसओ पर कार्रवाई की जाएगी।