गुजैनी जे ब्लाक स्थित पीवीएस पब्लिक स्कूल में बुधवार सुबह बंदरों के झुंड ने धावा बोल दिया, जिससे अफरा तफरी मच गई।
बंदरों ने कक्षा तीन की जाह्नवी के सिर में, दसवीं के छात्र अभिषेक के दोनों हाथों में, कक्षा छह की नेहा यादव के गाल और हाईस्कूल के छात्र अमित के हाथ में काटकर लहूलुहान कर दिया। कई छात्र बंदरों की दहशत में गिरकर चुटहिल हो गए।
स्टाफ ने डंडे लेकर बंदरों को भगाने का प्रयास किया, लेकिन बंदर उनकी ओर लपके तो वे कमरों की ओर डरकर भागे। सुबह नौ बजे के करीब स्कूल में पढ़ाई चल रही थी, तभी छत के रास्ते आठ दस बंदर आ गए। इसके बाद कक्षाओं में बंदर घुस गए। डरकर बच्चे इधर - उधर भागने लगे। कुछ बच्चे सीढ़ियों तो कुछ बरामदे में गिरकर चुटहिल हो गए।
करीब आधा घंटे बाद बंदरों का झुंड स्कूल से गया। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने घायल बच्चों का पास के नर्सिंगहोम में इलाज कराया। सूचना पाकर अभिभावक भी स्कूल पहुंच गए। प्रिंसिपल योगेंद्र सिंह का कहना है कि वे स्कूल को बंदरों से सुरक्षित रखने का प्रयास करेंगे। बीते दिनों एच ब्लाक के स्कूल में भी दो बार बंदरों ने हमला किया था ।
खिड़की दरवाजे बंद कर हुई पढ़ाई
बंदरों के स्कूल से जाने के बाद भी बच्चे दहशत में थे। इसके बाद खिड़की दरवाजे बंद कर पढ़ाई कराई गई।
मोहल्ले वाले भी दहशत में
मोहल्ले में भी दहशत के चलते लोग घरों से अकेले निकलने में डरते हैं। क्षेत्र के आरके सिंह, अल्पना, शकुंतला, सीमा कटियार ने बताया कि घर से बाहर निकलना होता है तो डंडे लेकर निकलते हैं। न जाने कब बंदर हमला बोल दें। मोहल्ले की प्रीति द्विवेदी, रिया (10) और शिवांगी पाल को भी बंदर काट चुके हैं।