कानपुर देहात। मैथा तहसील के पकड़ी शिवली मार्ग से बलुआपुर और कल्याणपुर शिवली मार्ग से फंदा गांव जाने वाली तीन किमी सड़क की मरम्मत 36.20 लाख रुपये से कराई जाएगी। शासन से कार्य की मंजूरी मिलते ही लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। जल्द मरम्मत कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
पकड़ी शिवली मार्ग से बलुआपुर गांव की सड़क (ग्रामीण मार्ग) कई जगह उखड़ गई है। मार्ग पर गिट्टी फैली होने व गड्ढों की वजह से राहगीरों को दिक्कत होती है। रात में कई बार वाहन सवार गिट्टी की चपेट में आकर गिरने से चोटहिल भी होते हैं। वहीं कल्याणपुर शिवली मार्ग से फंदा गांव जाने वाली सड़क भी खराब है।
गड्ढे युक्त सड़क पर पैदल चलना मुश्किल है। वहीं इससे हादसे होने की आशंका बनी है। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-1 की ओर से दोनों ग्रामीण मार्गों की मरम्मत का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था। इसकी मंजूरी मिल चुकी है। अब विभाग ने टेंडर प्रक्रिया भी पूरी करा ली है। बारिश रुकने के बाद इन दोनों सड़कों को दुरुस्त कराने का काम होने की उम्मीद है।
ठेकेदार को एक साल तक बनाई सड़क की देखरेख करने की शर्त होगी। लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-1 के अधिशासी अभियंता भगवान दास ने बताया कि शासन से दोनों ग्रामीण सड़कों की मरम्मत कार्य को मंजूरी मिलने पर टेंडर प्रक्रिया पूरी कराई गई है। बारिश रुकने पर काम शुरू होगा।