सैफई। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विवि में सोमवार को ओपीडी सेवा उस समय लड़खड़ा गई, जब नेटवर्क बार-बार बाधित होने लगा। नेटवर्क न आने से पर्चा काउंटर, बिलिंग डेस्क और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की तमाम सुविधाएं घंटों तक प्रभावित रहीं।
सोमवार को विवि की ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। रविवार अवकाश के बाद सोमवार को बड़ी संख्या में मरीज यहां इलाज लेने के लिए पहुंचे लेकिन नेटवर्क समस्या के चलते पंजीकरण में घंटों की देरी हुई। पर्चा बनवाने के लिए मरीज कतार में खड़े रहे और इंटरनेट बार-बार बंद होता रहा। इससे मरीज डॉक्टरों तक समय पर नहीं पहुंच सके। यही नहीं, ट्रामा सेंटर, इमरजेंसी और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की सेवाएं भी इसके चलते प्रभावित रहीं।
वहीं बार बार नेट फेल होने से भर्ती काउंटर और बिलिंग में भी बाधा आई। कई मरीजों को तो पुराने रिकॉर्ड दिखाने की जरूरत थी लेकिन डिजिटल फाइलें खुल ही नहीं सकीं। विवि में इंटरनेट सेवा का संचालन सीटेक संस्था कराती है लेकिन तकनीकी समस्या के कारण इंटरनेट ठप होते ही पूरे विवि की व्यवस्था चरमरा जाती है। पहले भी ऐसी स्थिति कई बार सामने आ चुकी है लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका।
मरीजों और तीमारदारों का कहना रहा कि इंटरनेट सेवा ठप रहने से उन्हें कई घंटे तक पर्चा बनवाने के लिए लाइन में लगना पड़ा। बीच बीच में मेनुअल पर्चे भी बनाए गए। विश्वविद्यालय के चिकित्सा अधीक्षक एसपी सिंह ने बताया कि संबंधित फर्म को समस्या के समाधान के लिए कहा गया है। वहीं नेट न आने पर हाथ से पर्चा बनवाने का कार्य किया जाता है जिससे मरीजों को कोई समस्या न हो।