बल्लभनगर कोतवाली क्षेत्र में जुआरियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर उनके साथियों ने हमला कर दिया। पुलिस टीम को बंधक बनाकर मारपीट भी की गई। इस मामले में चार नामजद और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
उरई कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक चेतराम बुंदेला ने अनिल तिवारी, साकेत मणि, राजाराम, संतोष तिवारी सभी निवासी पाठकपुरा उरई व छह अज्ञात लोगों के खिलाफ बंधक बनाने, मारपीट करने व मोहल्ले में भय व्याप्त करने सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
बता दें कि बल्लभनगर चौकी में तैनात उपनिरीक्षक चेतराम बुंदेला पुलिसकर्मियों के साथ रविवार की रात शहर के पाठकपुरा मोहल्ले में जुए की सूचना पर दबिश देने गए थे। जहां पुलिस ने चार जुआरियों को पकड़कर 8700 रुपये, मोबाइल, जुआ खेलने की डिवाइस बरामद की थी।
इसी दौरान उक्त लोगों ने उपनिरीक्षक सहित सभी पुलिसकर्मियों को पकड़कर कमरे में बंधक बना लिया था। पकड़े गए चारों जुआरियों को छुड़ाते हुए सरकारी दस्तावेज फाड़ते हुए गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी थी। सूचना पर पहुंचे अन्य पुलिस अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को उक्त लोगों से मुक्त कराया था।
जबकि पुलिस ने संतोष तिवारी को पकड़ लिया था। पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ उरई कोतवाली में मामला दर्ज कर लिया है। सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। बता दें कि यह मामला 28 अगस्त की रात का बताया जा रहा है।