कानपुर। शास्त्रीनगर में गीता बाजार चौराहे के पास पाइप लाइन टूटने के दूसरे दिन सोमवार को शास्त्रीनगर, नारायणपुरवा, लाजपतनगर के 10,000 से ज्यादा लोगों को पानी की किल्लत हुई। लोग पड़ोसियों के और सार्वजनिक सबमर्सिबल से पानी भरने के लिए मजबूर रहे।
शास्त्रीनगर सेंट्रल पार्क के पास स्थित गीता बाजार चौराहे पर 22 फरवरी को सुबह पाइपलाइन टूट गई थी। सड़क जलमग्न होने के साथ ही करीब पांच फीट गहरा गड्ढा हो गया था। पाइपलाइन टूटने की वजह से नारायणपुरवा जोनल पंपिंग स्टेशन (जेडपीएस) से पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई थी। सोमवार को भी इस जेडपीएस से पानी की आपूर्ति बंद रही। जल निगम (नगरीय) के अवर अभियंता अनुराग सिंह ने बताया कि मरम्मत शुरू कराई पर पाइप नहीं जुड़ पाया। आज मरम्मत पूरी होने के बाद पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।