पुखरायां (कानपुर देहात)। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के दुर्गदासपुर गांव में एक प्रकरण सुलझाने गए पुखरायां चौकी इंचार्ज से एक महिला उलझ गई। हाथापाई में महिला रास्ते पर गिर गई तो संतुलन बिगड़ने पर चौकी इंचार्ज भी महिला के ऊपर जा गिरे।
चौकी इंचार्ज ने गुस्से में महिला को पीट दिया। मोहल्ले के लोगों ने विरोध किया। इस पर पुलिस चली गई। बाद में गांव पहुंची महिला पुलिस चौकी इंचार्ज से भिड़ने वाली महिला को पकड़ कर कोतवाली ले गई। वहीं देर शाम एसपी केशव कुमार चौधरी ने चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया।
पंचायत चुनाव के दौरान दुर्गदासपुर निवासी शिवम की पुखरायां चौकी में तैनात सिपाही से कहासुनी हो गई थी। शिवम पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा तो उसके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई थी। इधर शनिवार को पुखरायां चौकी इंचार्ज महेंद्र सिंह पटेल पुलिस बल के साथ एक अन्य प्रकरण को सुलझाने गांव गए थे।
जीप से जाते समय रास्ते में शिवम घर के पास मिल गया तो चौकी इंचार्ज ने उसे बुलाकर कांस्टेबल से माफी मांगने की बात कही, अन्यथा कार्रवाई की चेतावनी दी। इसी बीच शिवम की मां अनीता पहुंच गई और विरोध जताया। इसको लेकर कहासुनी होने लगी।
इसी बीच हाथापाई में महिला व चौकी इंचार्ज गिर गए। इस पर मोहल्ले के लोग दौड़ कर पहुंचे। कुछ महिलाओं ने चौकी इंचार्ज को पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को अलग किया। घटना को लेकर लोगों के जुटने और माहौल बिगड़ने की आशंका पर पुलिस वहां से चली गई। बाद में महिला पुलिस गांव पहुंची और चौकी इंचार्ज से भिड़ने वाली महिला को पकड़ कर कोतवाली ले गई।
मामले में शिवम के छोटे भाई विवेक ने बताया कि पुलिस कार्रवाई का दबाव बनाकर 50 हजार रुपये की मांग कर रही थी। कई दिन से चौकी इंचार्ज गांव आकर रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर अभद्रता करने लगे जिसको लेकर विवाद हो गया।
आरोप लगाया कि भाभी के साथ भी चौकी इंचार्ज ने अभद्रता की। चौकी इंचार्ज ने बताया कि सिपाही से पूर्व में हुई कहासुनी को लेकर वह शिवम को समझा रहे थे। तभी उसकी मां आ गई और विवाद करने लगी। कोतवाल बैजनाथ सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया है।
सीओ भोगनीपुर कर रहे जांच
दुर्गदासपुर में चौकी इंचार्ज विवेचना के सिलसिले में गए थे। वहां संदिग्ध शिवम को पकड़ने के दौरान उसकी मां व एक अन्य महिला ने चौकी इंचार्ज से हाथापाई की और कॉलर पकड़ लिया। इसी दौरान महिला के गिरने पर संतुलन खोकर चौकी इंचार्ज भी गिर गए।
चौकी इंचार्ज ने महिला से मारपीट नहीं की है। घटना के बाद महिला को बयान के लिए सीओ कार्यालय बुलाया गया था। उसे वापस घर भेज दिया गया है। सीओ भोगनीपुर प्रकरण की जांच कर रहे हैं। उनकी रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। - घनश्याम चौरसिया (एएसपी)
मामले में जांच कराई जा रही है। महिला से मारपीट के आरोप में चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर किया गया है। - केशव कुमार चौधरी, एसपी
महिला की पिटाई शर्मसार करने वाली
भाजपा की सरकार में मंच से महिलाओं के सम्मान की बात की जाती है। जबकि महिलाओं के साथ बर्ताव दूसरे तरीके का किया जाता है। दुर्गदासपुर की घटना शर्मसार करने वाली है। जिसकी निंदा की जाती है। - नरेंद्र पाल सिंह मनू, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी, सपा