कानपुर देहात। रसूलाबाद ब्लॉक के सिमरामऊ गांव में बस्ती से लगे पुराने तालाब की सूरत बदलने की तैयारी है। करीब 26.57 लाख रुपये खर्च कर तालाब को आदर्श सरोवर बनाया जाएगा।
सिमरामऊ गांव में कहिंजरी-जिनई मार्ग किनारे बस्ती से लगा पुराना तालाब है। बस्ती से लगा होने की वजह से कई लोग तालाब किनारे गंदगी एकत्र करते हैं। वहीं कुछ ने अस्थायी अतिक्रमण कर लिया है। तालाब सहेजा जा सके इसके लिए लगातार मांग उठती रही है। बीते दिनों इसका प्रस्ताव तैयार किया गया था। जिला पंचायत बोर्ड ने तालाब सुंदरीकरण की मंजूरी दी है।
तालाब की सूरत बदलने के लिए 26.57 लाख रुपये का बजट तय किया गया है। इससे तालाब का सीमांकन पर चारों ओर पक्की हद बंदी होगी। तालाब में बारिश का जल सहेजने के लिए अस्थायी अतिक्रमण हटाए जाएंगे। खाली जगह में हरियाली उगाई जाएगी। लोगों के बैठने के लिए बेंच भी रखी जाएगी। आदर्श सरोवर बनने से परिवेश साफ सुथरा होगा। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि आदर्श तालाब बनाने के लिए बजट जारी कर दिया गया है। ठेकेदार चयन के बाद मार्च अंत तक काम शुरू होने की उम्मीद है।