कानपुर। उमस भरी गर्मी में वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। हैलट के मेडिसिन विभाग की ओपीडी में रोगियों की संख्या 590 पहुंच गई। सोमवार को मेडिसिन की दो ओपीडी रही। वहीं इमरजेंसी में 40 रोगी भर्ती किए गए। इसमें बुखार, डायरिया, पेट दर्द के रोगी हैं। गैस्ट्रोइंटाइटिस के बाद रोगियों के गुर्दों में दिक्कत आ रही है। साथ ही हेपेटाइटिस ए और ई रोगियों की भी संख्या बढ़ी है।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के सीनियर फिजीशियन डॉ. जेएस कुशवाहा ने बताया कि विभाग की एक ओपीडी में 370 और दूसरी में 220 रोगियों की जांच की गई। इनमें बुखार, पेट के रोगी सबसे अधिक रहे। शाम तक हैलट इमरजेंसी में 40 रोगी भर्ती किए गए। इनमें गुर्दा, लिवर फेल, ब्रेन स्ट्रोक, बुखार, गैस्ट्राइंटाइटिस आदि के रोगी हैं।
गैस्ट्रोइंटाइटिस विभागाध्यक्ष डॉ. विनय कुमार ने बताया कि इस मौसम में संक्रमित जल के कारण हेपेटाइटिस ए और ई के रोगी बढ़ जाते हैं। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि रोगियों की संख्या बढ़ी है। दवाओं की व्यवस्था है। एंटी बायोटिक न्यूरोपेनम के आठ हजार इंजेक्शन मिले हैं। जरूरत होने पर और व्यवस्था की जाएगी।