फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: दुष्कर्म के इरादे से महिला का अपहरण करना चाहते थे बदमाश

Fri, 05 Sep 2025 01:11 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। गजनेर थाना पुलिस की बुधवार रात को सराय मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें दोनों बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने पूछताछ के बाद 30 अगस्त की रात को स्कूटी सवार दंपती का अपहरण का प्रयास करने की घटना का खुलासा किया है। आरोपियों ने महिला से दुष्कर्म करने की नीयत से अपहरण करने की बात कुबूल की है।
विज्ञापन

गजनेर थानाध्यक्ष जनार्दन प्रताप सिंह के नेतृत्व में बुधवार रात को गोगूमऊ और लोहारी के बीच सराय मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों को घेर लिया। स्वयं को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उनके पास से दो तमंचे, कारतूस, दो मोबाइल बरामद किए हैं। दोनों घायलों का गजनेर सीएचसी में उपचार करवाया है।
पूछताछ में बदमाशों ने अपना नाम कानपुर नगर के बिल्हौर थाना के डोड़वा जमौली निवासी सूर्यकांत चौरसिया उर्फ सूर्या व गोविंद नगर थाना की नई लेबर कॉलोनी दादा नगर निवासी अर्जुन मिश्रा उर्फ कन्हैया बताया। आरोपियों ने बताया कि उन लोगों का बकरी चोरी करने का गिरोह है। जिसमें चौबेपुर थाना के रायगोपालपुर निवासी आयुष कमल भी शामिल हैं। सभी दिन में बाइक से रेकी कर रात में कार से बकरियां चोरी करते थे।
विज्ञापन

30 अगस्त की शाम सात बजे के करीब वह कार से नंबर प्लेट हटाने के बाद सरवनखेड़ा क्षेत्र में बकरी चोरी करने आए थे। गाड़ी अर्जुन मिश्रा उर्फ कन्हैया चला रहा था, को-ड्राइवर सीट पर सूर्यकांत चौरसिया उर्फ सूर्या व आयुष गाड़ी में पीछे बैठा था। आरोपियों ने बताया कि हम लोग रायपुर मोड़ के पास स्थित शराब की दुकान से शराब लेकर अपनी गाड़ी पर शराब पी रहे थे। तभी पास में स्कूटी सवार दंपती आकर रुके। युवक के पान मसाला लेने जाने पर आयुष ने उसकी पत्नी को 500 रुपये का नोट दिखा कर यौन इच्छाएं पूरी करने के लिए कहा। इस पर महिला भड़क गई, शोर गुल होने पर उसका पति भी वहां आ गया। उसने भी हम लोगों को बहुत उल्टा-सीधा कहा। इसके बाद दंपती चले गए।
दोनों ने पुलिस को बताया कि कुछ देर बाद गोगूमऊ क्रॉसिंग के बंद होने के चलते दंपती उन्हें दोबारा मिल गए। इस पर उनकी नीयत खराब हो गई और महिला से दुष्कर्म करने के इरादे से दंपती का पीछा करने लगे। सिकंदरपुर और लोहारी गांव के बीच में सूनसान रास्ते पर हमने अपनी कार से उन्हें ओवरटेक करके रोका और उक्त महिला को अपने साथ चलने के लिए कहा।
जब महिला और उसके पति ने विरोध किया तो सूर्यकांत व आयुष ने महिला को कार की पिछली सीट में अंदर खींच लिया और गाड़ी आगे बढ़ा दी। इस पर महिला का पति कार की खिड़की में लटक कर शोर मचाने लगा। खेतों में काम कर रहे किसानों को आता देख उन लोगों ने उसे भी कार में खींच लिया। मगर रुपपुर गांव की ओर बढ़ने पर ग्रामीणों ने रास्ता बंद कर दिया। चारों तरफ आक्रामक भीड़ दिखने पर लोग दंपती व कार छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।
...............
पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखना पड़ गया भारी
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना के बाद सूर्यकांत की कार व गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस की गतिविधियों से बचने के लिए गजनेर क्षेत्र में ही रुके थे। उन्होंने स्वयं को बचाने के लिए तमंचे व कारतूस भी खरीद रखे थे। पुलिस के अनुसार दोनों बदमाश बहुत शातिर किस्म के हैं। वह कई तरह की आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। आरोपी सूर्यकांत पर कानपुर देहात, कानपुर नगर, औरैया, जालौन आदि जिलों में सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी अर्जुन मिश्रा के खिलाफ औरैया, जालौन, कानपुर नगर व कानपुर देहात में 15 मुकदमे दर्ज हैं। थानाध्यक्ष जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी सूर्यकांत ने तीन साल पहले कार ली थी। उसने कार के लिए रुपये कहां से जुटाए इसकी जांच की जा रही है। वहीं बदमाशों के पास से बरामद की गई बाइक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
..............
बयान
बदमाशों ने महिला से दुष्कर्म करने की नीयत से अपहरण का प्रयास किया था। घटना में शामिल दो बदमाशों से बुधवार रात को गजनेर थाना पुलिस की मुठभेड़ हो गई। दोनों बदमाशों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है। फरार तीसरे आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा। - संजय वर्मा, सीओ सदर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें