इटावा। बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए गलत बिल को ठीक करने के लिए विशेष अभियान चलेगा। बिजली बिल ठीक करने के लिए मेगा कैंप लगाए जाएंगे। इनका आयोजन विद्युत वितरण खंड में 17 से 19 जुलाई तक होगा। अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार गौड़ ने बताया कि इस कैंप में नए संयोजन, भार वृद्धि, खराब मीटर, बिल संशोधन, बिल जमा करने जैसे काम होंगे। इसके साथ ही अन्य संबंधित कार्यों की शिकायतें भी कैंप में प्राप्त कर उपभोक्ताओं की समस्या का निराकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गलत बिल को लेकर बिल संशोधन के लिए मेगा कैंप का आयोजन एसडी फील्ड इटावा में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। मेगा कैंप में प्रत्येक शिकायत का पंजीकरण 1912 हेल्पडेस्क पर सुनिश्चित किया जाएगा। शिकायतकर्ता एवं आवेदनकर्ता का सही विवरण अंकित किया जाएगा। अधिशासी अभियंता वितरण, उपखंड अधिकारी एवं सहायक अभियंता मीटर अपने अधीनस्थों सहित कैंप में उपस्थित रहेंगे।