कानपुर। बढ़ती ठंड और सहालगी सीजन ने नवंबर में ही गर्म कपड़ों की मांग बढ़ा दी है। सहालगी मांग आने से कारोबारियों ने गर्म कपड़ों का अच्छा स्टाक किया है। पिछले साल ठंड देर से पड़ी थी। हालांकि इस बार कारोबारी अच्छी ठंड पड़ने और लंबी रहने से अच्छा कारोबार मिलने की संभावना जता रहे हैं। कोट, पैंट, जैकेट के अलावा लोई, कंबल, इंडोवेस्टर्न कोट की बहुत अच्छी मांग है।
शहर के थोक कपड़ा बाजार जनरलगंज में कंबल, लोई, रजाई, सूट, शेरवानी की अच्छी मांग है। पेंचबाग, हमराज, आलम मार्केट में जैकेट, स्वेटर, दस्तानों समेत अन्य गर्म कपड़ों के उत्पादों की अच्छी मांग दिख रही है। इस बार अक्तूबर में नवरात्र और फिर दिवाली पड़ने से कारोबारी रौनक दिखने लगी थी। अब शादी समारोह शुरू हो चुके हैं। शहर में अमृतसर से वुलेन सूट, स्पन, काटसूल आता है। लुधियाना से कंबल और लोई आता है। पानीपत से कंबलों की सप्लाई होती है। शहर से ही अन्य जिलों को कपड़ों की सप्लाई होती है।
बाजार में फैंसी जैकेट, स्वेट शर्ट, हाफ और फुल साइज की बटर जैकेट आई है। इसके अलावा अलग-अलग रंगों की सैकेट की मांग देखी जा रही है। सैकेट जैकेट स्टाइल में होती है लेकिन कपड़ों की बनी होती है।
बातचीत
सहालग शुरू हो गई है। सर्दी अच्छी पड़ने की संभावना जताई जा रही है। गर्म कपड़ों का अच्छा स्टॉक किया गया है। पिछले सालों की तुलना में दाम स्थिर हैं। इस बार सहालग बहुत लंबी है। ऐसे में गर्म कपड़ों का बाजार अच्छा रहने की संभावना है। होलसेलर को एडवांस आर्डर भी दिए जा रहे हैं। -रुमित सिंह सागरी, निदेशक, कानपुर कपड़ा कमेटी
-
नवंबर में ही इस बार ठंड पड़ने लगी है। सहालग के चलते हुडी, सैकेट, जैकेट की अच्छी मांग है। चमड़े के जैकेटों की मांग दिसंबर के दूसरे सप्ताह से शुरू होगी। मांग बढ़ने के साथ ही कारोबारी स्टाक बढ़ाएंगे। अच्छे कारोबार की उम्मीद है। स्वेट शर्ट, हाफ और फुल साइज की बटर जैकेट की भी बहुत अच्छी मांग है। -फरीद अंसारी, कपड़ा कारोबारी, नवीन मार्केट