कानपुर। जाजमऊ क्षेत्र में अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई है। यहां प्यार, इश्क और मोहब्बत युवक और युवती के बीच न होकर रिश्तेदार युवतियों में आपस में हुआ है। एक की उम्र 19 साल तो दूसरी 28 वर्षीय है। दोनों ने जीने और मरने की कसमें तो काफी पहले खाईं थी अब शादी कर एक होने के लिए घर से कहीं दूर चली गई हैं। पुलिस ने उम्र में छोटी युवती के घरवालों तहरीर पर बड़ी युवती के खिलाफ शादी का झांसा देकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जाजमऊ क्षेत्र की 19 साल की युवती और मीरपुर छावनी की 28 वर्षीय युवती के बीच पांच साल से दोस्ती थी। एक दूसरे के घर में आने जाने से दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। 19 साल की युवती की दूसरी युवती रिश्ते में उसकी मौसी की ननद लगती है। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की जानकारी कुछ दिन पहले परिजनों को हुई। 19 साल की युवती की बहन ने दोनों को कमरे में एक साथ देख लिया था। घरवालों ने सख्ती कर दी, जिस पर 31 जुलाई को 19 वर्षीय युवती घर से लापता हो गई। 28 साल की युवती की भी कोई जानकारी नहीं है। जाजमऊ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि उम्र में बड़ी युवती के खिलाफ शादी का झांसा देकर छोटी को साथ ले जाने की रिपाेर्ट दर्ज की गई है। घर के आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।