कानपुर। चुन्नीगंज बस अड्डा से अकेले ड्राइवर ने एसी बस देहरादून ले जाने से मना कर दिया। इससे रविवार को बस निरस्त कर दी गई। ऑनलाइन बुक 11 टिकट भी निरस्त कर दिए गए। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यालय से आदेश आया है कि बस में अब दो ड्राइवर नहीं चलेंगे।
गर्मी में कानपुर और बीच के शहरों से देहरादून का यात्री लोड एक महीने में करीब 18 फीसदी बढ़ा है। चालकों का कहना है कि कानपुर से देहरादून आने-जाने में करीब 1200 किलोमीटर की यात्रा है। इतनी दूरी बस चलाना एक चालक के लिए उचित नहीं है। बस सेवा निरस्त करने की पुष्टि प्रभारी एआरएम गिरीश वर्मा ने की है। कहा कि अब दो ड्राइवर एक बस में न चलने का आदेश आया है। अधिकारियों के आदेश का पालन कराने के लिए एक ड्राइवर को हटा दिया गया है। इससे चालक ने अकेले बस देहरादून ले जाने से मना कर दिया है। देहरादून के लिए कानपुर के विकासनगर डिपो की एक एसी बस प्रतिदिन जाती है।
चालकों की कमी
अभी तक लंबी दूरी की बसों में दो चालक चलते थे। फिर वह लौट कर कानपुर आने पर एक दिन आराम करते थे। इनकी जगह अन्य दो चालक बस पर भेजे जाते थे। मुख्यालय से जारी नए निर्देशों के मुताबिक अब एक बस पर एक ही चालक चलेगा।
वर्जन
निगम में चालकों का अभाव है। इसलिए मुख्यालय से आदेश आए हैं कि अब एक बस पर एक ड्राइवर ही चलेगा। एक चालक की वजह से देहरादून बस नहीं गई। - गिरीश वर्मा, प्रभारी एआरएम