आईआईटी में एमटेक में दाखिले के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा गेट (ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग) 2023 के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 30 सितंबर है। परीक्षा देश के आठ जोनों के तहत आने वाले 219 जिलों में होगी। परीक्षा चार, पांच, 11 और 12 फरवरी को होगी। गेट का आयोजन आईआईटी कानपुर कर रहा है।
इस साल गेट में दो नए विषय जियोमेटिक्स इंजीनियरिंग और आर्किटेक्चर एंड मरीन इंजीनियरिंग शामिल किए गए हैं। पिछले साल गेट की परीक्षा 206 केंद्रों पर कराई गई थी। इस बार विदेश में आठ केंद्रो पर परीक्षा होगी। ये केंद्र यूएई, सिंगापुर, मालदीव, मारीशस, मलेशिया, भूटान, नेपाल व बांग्लादेश में होंगे।
आईआईटी के निदेशक प्रो. अभय करंदीकर ने बताया कि परीक्षा में इंजीनियरिंग, विज्ञान, मानविकी और सामाजिक विज्ञान में विभिन्न स्नातक विषयों की व्यापक समझ से जुड़े सवाल होंगे। छात्रों की मदद के लिए पिछले वर्षों के प्रश्न भी वेबसाइट पर अपलोड किए गए हैं।