कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र के शंभुआ गांव निवासी अनुज ने पुलिस को बताया कि उनका भाई अंकुश निषाद बीते चार महीने से शंभुआ पार्किंग में चाट का ठेला लगा रहा है।
गुरुवार सुबह 11 बजे वह ठेला लगाने जा रहा था। गांव के शुभम, ब्रजेश, श्यामू, शिवम समेत छह से ज्यादा लोगों ने पार्किंग की जगह पर ठेला लगाने से मना करने के विरोध में अंकुश को पीट दिया था। सिर पर डंडा लगने से वह लहूलुहान हो गया। पुलिस ने घायल को बिधनू सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद घायल शिकायत करने थाने पहुंचा। करीब चार घंटे इंतजार के बाद घायल को मजरूबी चिट्ठी देकर सीएचसी भेजा जा सका जहां मेडिकोलीगल के बाद उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। चार घंटे बाद मजरूबी चिट्ठी भेजने की बात पर वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।