कानपुर देहात। मई के दूसरे पखवाड़े में मौसम का मिजाज तल्ख है। बुधवार को भी आसमान में सूरज दहका। हालात ये हुए कि लू के चलते भीषण गर्मी में राहगीरों का माथा चकरा गया। पानी पीकर भी प्यास नहीं बुझी, मुंह सूखता रहा। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। चिलचिलाती धूप में निकले राहगीर राहत पाने के लिए पेड़ों की छांव में रुके।
भीषण गर्मी पड़ने और लू की वजह से जिला ओरेंज जोन में आ गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने 24 मई तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। बुधवार सुबह से मौसम गर्म रहा। दोपहर में पारा चढ़कर 44 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मंगलवार को भी इतना ही पारा रिकॉर्ड किया गया था। पारा चढ़ने और चिलचिलाती धूप में हवा गर्म होकर लू बन गई। 4.4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लू चली। आसमान से बरसी आग ने राहगीरों को झुलसा कर रख दिया। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
जरूरी काम से जो लोग घरों से निकले वे खासे परेशान हुए। सिर व चेहरा ढकने के बाद भी लू झुलसा कर रख दिया। प्यास लगने पर कई बार पानी पीया लेकिन प्यास नहीं बुझी। राहगीर वाटर कूलर से ठंडा पानी पीकर गला तर करते नजर आए। बिजली की आंख मिचौली ने लोगों को खूब परेशान किया। मंगलवार रात में तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसकी वजह से रात उमस भरी रही। सीएसए के कृषि मौसम तकनीकी अधिकारी डाॅ. अजय मिश्र ने बताया कि आगामी पांच दिनों में मौसम में खास बदलाव नहीं होगा। आसमान साफ रहेगा। इसकी वजह से बारिश की कोई संभावना नहीं है। 24 मई तक लू चलने के आसार है।
........................
बीते दो साल में तापमान पर एक नजर
वर्ष - दिनांक - अधिकतम - न्यूनतम
2024- 20 मई-43.8-30.0
2024- 21 मई-39.8-27.0
2024-22 मई-40.0-29.0
2025-20मई- 39.7-26.2
2025-21 मई-37.7-28.0
2025-22 मई-34.1-20.6
......................
बढ़ती गर्मी में बरते एहतियात, जरूरत पर ही घर से निकलें
भीषण गर्मी व लू के मद्देनजर लोगों की सुरक्षा और बचाव के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य ने क्या करें और क्या न करें इसको लेकर सलाह जारी की है। किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए हेल्प लाइन नंबर 108 व 1077 पर संपर्क करें।
...............
घर से निकलने पर इन बातों का रखें ध्यान
- घर से बाहर निकले तो शरीर को ढककर रखें और हल्के रंग के कपड़े पहनें।
- थोड़े-थोड़े समयान्तराल पर पानी, नींबू पानी, शिकंजी, नारियल पानी) पिए।
- घर, कार्यस्थल आदि स्थानों पर धूप से बचाव के लिए पर्दें लगाएं।
- यात्रा करते समय बोतल में पानी जरुर रखें। गीले कपड़े को चेहरे, सिर और गर्दन पर रखें।
- गर्मी में ओआरएस का घोल पीएं।
- रात में घरों की खिड़िकियो को अवश्य खुली रखें।
- लू के लक्षण दिखने पर तत्काल नजदीकी राजकीय चिकित्सालय पर संपर्क करें।
.........................
ये सावधानियां बरतें
- अत्यधिक गर्मी (दोपहर 12 से सांय 4 बजे) के मध्य धूप में न जाएं।
- धूप में खडें वाहनों में बच्चे एवं पालतू जानवरों को अकेला न छोडे़ं।
- नंगे पैर/बदन धूप में न जाएं।
- अत्यधिक प्रोटीन युक्त भोजन व बासी भोजन न खाएं।
- गहरें व चटक रंग के कपड़ें न पहनें।
- बंद व अत्यधिक गर्मी वाले स्थान पर खाना न बनाएं ।
- संतुलित व हल्का भोजन करें।