कानपुर देहात। मंगलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 30 जून की रात हुई बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या और शव जलाने के मामले में पुलिस ने उसके घर के पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी ने अकेले ही वारदात करने की बात स्वीकार की है।
वह बालिका के परिवार में एक महिला से मिलने जाता था। इसकी खबर बालिका परिवारीजनों को देती थी। इससे कई बार उसकी पिटाई भी हुई थी। इस पर उसने बालिका को रास्ते से हटाने के लिए हत्या कर दी।
पुलिस लाइन में रविवार को घटना का खुलासा करते हुए एसपी केशव कुमार चौधरी ने बताया कि 30 जून की रात घर के बाहर सोते समय बालिका को उठाकर गला घोटकर हत्या कर दी गई थी। घटना के खुलासे के लिए पांच टीमें लगाई गईं थीं। पुलिस को हाथ लगे सुराग के आधार पर रविवार को हवासपुर तिराहे से बालिका के पड़ोसी भूरा उर्फ कमलदीप को गिरफ्तार किया।
उसने पुलिस की पूछताछ में बालिका के साथ दुष्कर्म की बात से इनकार किया। आरोपी ने बताया कि बालिका के परिवार में एक महिला से उसके प्रेम संबंध हैं। वह उससे मिलने जाता था तो बालिका इसकी जानकारी परिजनों को देती थी। इससे कई बार उसकी पिटाई भी हुई। इस पर भूरा उर्फ कमलदीप ने बालिका को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया। उसे पता था कि बालिका घर के बाहर चारपाई पर सोती है।
30 जून की शाम को उसने शराब पी और इसके बाद रात में सबके सो जाने पर बालिका को सोते समय गोद में उठा ले गया। रास्ते में उसकी नींद खुली तो उसने कपड़ा रखकर मुंह दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद बगीचे में ले जाकर जलाने की कोशिश की। वहीं बालिका के चचेरे बाबा को फंसाने के लिए उनकी चारपाई ले जाकर घटनास्थल के पास जला दी।
चचेरे बाबा को फंसाने का किया प्रयास
कानपुर देहात। हत्यारोपी भूरा उर्फ कमलदीप शराब का लती है। वह अविवाहित है। मजदूरी करके अपना खर्च चला रहा था। उसे पता था कि बालिका के पिता का बगल में रहने वाले चाचा से विवाद चल रहा है। उनकी चारपाई बरामदे में पड़ी थी।
बालिका की हत्या करने के बाद उसने उसके चचेरे बाबा की चारपाई घटना स्थल के पास ले जाकर जलाने का प्रयास किया, ताकि पुलिस व परिजनों का ध्यान उनकी ओर चला जाए और वह पुलिस की नजर से बच जाए।
शुरुआत में पुलिस का शक भी उसकी तरफ गया लेकिन गहराई से छानबीन में हकीकत सामने आ गई। एसपी ने बताया कि आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त माचिस व गमछा बरामद किया गया है।
घटना का खुलासा करने पर मंगलपुर प्रभारी निरीक्षक वीरपाल सिंह तोमर, सर्विलांस टीम प्रभारी प्रशांत गौतम को 15 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है। इस दौरान एएसपी घनश्याम चौरसिया, सीओ आशापाल सिंह, इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह तोमर, सर्विलांस प्रभारी प्रशांत गौतम मौजूद रहे।
पहले भी दर्ज हो चुकी छेड़छाड़ की रिपोर्ट
कानपुर देहात। बालिका के हत्यारोपी भूरा उर्फ कमलदीप ने सात माह पहले गांव की एक महिला से छेड़छाड़ की थी। इस पर उसके पति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी की गतिविधियां ठीक न होने पर पुलिस ने गुंडा एक्ट भी लगाया था।
मामला विचाराधीन है। घटना में भूरा का नाम आने पर गांव के हर व्यक्ति ने आक्रोश जताया। वह आवारागर्दी करते हुए आए दिन लोगों से शराब के नशे में अभद्रता भी करता था।