रिश्तेदार युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। एएसपी ने बताया प्रेम-प्रसंग को लेकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव चुरसई निवासी रघुनाथ सिंह खेती करते हैं। बुधवार शाम करीब 5 बजे मेरापुर थाना के गांव अछरौड़ा निवासी रघुनाथ का भांजा अखिलेश (19) उनके घर पहुंचा। शाम को खाना खाकर रघुनाथ के परिजन व अखिलेश सो गए।
गुरुवार भोर करीब साढ़े 4 बजे रघुनाथ सोकर उठे। उन्होंने पुत्री रोशनी (18) को आवाज लगाई। कोई जबाव न मिलने पर बिस्तर पर जाकर देखा। रोशनी व अखिलेश नहीं थे। बाहर की ओर बने कमरे का दरवाजा खोला तो अखिलेश रस्सी के फंदे पर लटका मिला। उसी के पास जमीन पर रोशनी भी मृत अवस्था में पड़ी थी। यह देख रघुनाथ बिलखते चिल्लाने लगे। शोरगुल सुनकर अन्य परिजन व पड़ोसी भी आ गए।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना अखिलेश के पिता विजय सिंह को फोन कर दी गई। विजय पत्नी ईश्वर देवी, पुत्र शिवम व मोहित के साथ घटनास्थल पहुंचे और बिलखने लगे। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष योगेंद्र सोलंकी, राजपूताना चौकी प्रभारी आछेलाल पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने मामले में पूछताछ की। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर करीब 10 बजे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच कर साक्ष्य जुटाए
इसके बाद में पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच कर साक्ष्य जुटाए। युवती के पास से जहरीली दवा की महक आ रही थी। ऐसे में अनुमान लगाया गया कि जहरीला पदार्थ पीने से उसकी मौत हुई है। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग को लेकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। परिवार के रणजीत सिंह ने बताया कि रोशनी तीन बहन ज्ञान देवी व रेखा में तीसरे नंबर की थी। एक भाई सुमित है।
अहमदाबाद में कपड़ा बनाने वाली फैक्टरी में काम करता था
अखिलेश तीन भाई शिवम व मोहित में बड़ा था। वह अहमदाबाद में कपड़ा बनाने वाली फैक्टरी में काम करता था। तीन दिन पूर्व ही वह लौटा था। वह बुधवार को भाई से गांव में कंडे लेने जाने की बात कहकर निकला था। एएसपी डॉ संजय कुमार ने घटनास्थल पहुंच जांच व पूछताछ की। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने बताया कि युवक ने फांसी लगाकर व युवती ने जहर पीकर आत्महत्या की सूचना मिली है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के पीछे दोनों के बीच प्रेम प्रसंग होने की बात सामने आई है।
मां की मौत के बाद छूट गई थी रोशनी की पढ़ाई
प्रेम-प्रसंग में जहरीला पदार्थ पीकर रोशनी ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। परिजनों ने बताया कि रोशनी की मां प्रेमा देवी की मौत करीब 11 वर्ष पूर्व हो गई थी। तब रोशनी कक्षा 7 में पढ़ती थी। मां की मौत के बाद दुख में उसने स्कूल जाना छोड़ दिया। इस कारण उसकी पढ़ाई छूट गई। रोशनी की बड़ी बहन ज्ञान देवी का बड़ी बुआ के पुत्र से प्रेम-प्रसंग चला था। दोनों के बारे में परिजनों को जानकारी हो जाने पर उनका प्रेम विवाह करा दिया गया था।
घर पर अकेले सोए थे प्रेमी युगल, मौसी घर था भाई
बुधवार रात रघुनाथ खाना खाने के बाद घर से करीब 70 मीटर दूर स्थित दूसरे मकान की झोपड़ी में बंधे जानवरों के पास सोने गए थे। घर पर रोशनी व अखिलेश अकेले सोए थे। रोशनी का भाई सुमित मौसी के घर गया था। गुरुवार भोर रघुनाथ घर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। पिता रघुनाथ ने बिलखते हुए कहा कि वह अगर जानवरों के पास न जाते तो शायद पुत्री व भांजा घटना को अंजाम न देते।
एक ही गड्ढे में दफन हुए प्रेमी युगल के शव
पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम कराने के लिए फतेहगढ़ स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया था। शाम को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद अखिलेश व रोशनी के परिजन शव को पांचाल घाट ले गए। यहां एक ही गड्ढे में दोनों के शवों को दफना कर अंतिम संस्कार कर दिया गया।